Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana में दिन दिहाड़े गोलियां मारी जा रही और फिरौती मांगी जा रही : डॉ सुशील गुप्ता

June 26, 2024

Haryana में दिन दिहाड़े गोलियां मारी जा रही और फिरौती मांगी जा रही : डॉ सुशील गुप्ता

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने बयान जारी कर हरियाणा में बढ़ती अपराधिक घटनाओं को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध चरम सीमा पर है। दिन दहाड़े गोलियां मारी जा रही हैं, फिरौती मांगी जा रही और लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। लेकिन सरकार घुटने टेक कर बैठी है। अपराधिक घटनाओं को रोकने में बीजेपी सरकार फेल रही है। लोगों को सड़क पर निकलते हुए डर लगने लगा है। हरियाणा सरकार अपराधियों के सामने पूरी तरह से फेल हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि दो दिन पहले हिसार की ऑटो मार्केट में 3 नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियां से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, दहशत के डर से लोग दुकान बंद करके भाग गए। बदमाशों ने करीब 30 राउंड फायर किए और शोरूम के सामने पर्ची फेंककर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। हिसार में भीम ऑटो सेन से भी 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। कुछ दिन पहले ऑटो व्यवसाय करने वाले से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले गोहाना में भी 30 राउंड गोलियां चलाई, सांपला और बहादुरगढ़ में भी गोलियां चलाकर रंगदारी मांगी गई। दिन दहाड़े दुकानों में घुसकर कैश लूटा जा रहा है। राजनीतिक द्वेष के कारण हत्या की गई और पानीपत में बस स्टैड के पास से कलेक्शन के 27 लाख रुपए कैश लूट लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि करनाल के घरौंडा में बर्थ डे पार्टी से घुस कर हमला किया जाता है। जिसमें लोग घायल हो जाते हैं। जींद के गांगोली गांव में गोली चलाने की घटना घटी है। यदि हम हरियाणा के किसी भी शहर या गांव की बात करें अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार पूरी तरह से लाचार है। क्या हरियाणा के किसी बड़े नेता का इस रंगदारी मांगने में हिस्सा है? आखिर सरकार इतनी मजबूर क्यों है? जबकि राज्य और केंद्र में इनकी सरकार है। इसके बावजूद हरियाणा में कानून का राज नहीं है। आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री नायब सिंह से मांग करती है कि हरियाणा में कानून का राज लाएं। हरियाणा के लोग इतने परेशान हैं कि वो मुख्यमंत्री को बदलने के लिए तैयार हैं। क्योंकि हरियाणा के लोग डर के साए में नहीं जीना चाहते।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें