Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला को मिली जान से मारने की धमकी, बेटे को भेजा व्हाट्सऐप वॉइस नोट, जांच में जुटी पुलिस

July 16, 2025

इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला को मिली जान से मारने की धमकी, बेटे को भेजा व्हाट्सऐप वॉइस नोट, जांच में जुटी पुलिस

हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ गया है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष अभय चौटाला को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। धमकी देने वाला आरोपी उनके छोटे बेटे कर्ण सिंह चौटाला के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए वॉइस नोट भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

-धमकी का पूरा मामला

कर्ण सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ के सेक्टर 3 थाने में दी गई शिकायत में बताया कि रात करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से उन्हें व्हाट्सऐप कॉल आई, जो बिना बात काट दी गई। इसके तुरंत बाद +447466061671 नंबर से एक व्हाट्सऐप मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें उन्हें और उनके पिता अभय सिंह चौटाला को धमकी भरे शब्दों में चेतावनी दी गई। संदेश में कहा गया कि “पिता को समझा लो, वे मेरे रास्ते में न आएं, नहीं तो उन्हें भी प्रधान के पास भेज देंगे।”

धमकी संदेश उसी नंबर से पिता के प्राइवेट सेक्रेटरी रमेश गोदारा को भी भेजा गया, जिसमें साफ-साफ “यह आखिरी चेतावनी” लिखा था।

-पहले भी मिल चुकी है धमकी

कर्ण ने शिकायत में बताया कि 18 जुलाई 2023 को भी हरियाणा परिवर्तन पद यात्रा के दौरान जींद में उनके पिता अभय चौटाला को जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी रिपोर्ट जींद थाने में दर्ज है। लगातार बढ़ती धमकियों के कारण अभय चौटाला को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।

-धमकी में ‘प्रधान’ का जिक्र

शिकायत में कर्ण ने यह भी उल्लेख किया कि वॉइस नोट में ‘प्रधान’ का जिक्र किया गया है। उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की कुछ साल पहले गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी और हत्यारे आज तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनके अनुसार, उनका परिवार हरियाणा में बढ़ते अपराध और नशे के खिलाफ मुखर आवाज उठाता है, जिसके चलते ऐसे धमकी भरे संदेश मिलने लगे हैं।

-पुलिस से मांगी सुरक्षा और जांच की मांग

कर्ण ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि उन्हें धमकी देने वाले का कोई परिचय नहीं है और उनका नंबर भी उनके पास सेव नहीं है, इसलिए यह पूरी घटना संदिग्ध और गंभीर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें