
रोहतक: रोहतक के रहने वाले बॉडी बिल्डर को भिवानी में आयोजित शादी समारोह में पीट-पीटकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे रोहतक पीजीआई लाया गया था। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर भिवानी पुलिस यहां पहुंची। जिसके बाद परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी समारोह में कुछ युवक लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे।
इसी का बॉडी बिल्डर युवक ने विरोध किया था। विरोध करने पर आरोपियों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। मृतक की पहचान गांव हुंमायुपूर निवासी बॉडी बिल्डर रोहित धनखड़ (26) के रूप में हुई है। वह गांव बौंदकलां निवासी दोस्त जतिन के साथ उसकी बहन की ननद की शादी में शगुन डालने भिवानी गया था। शादी समारोह के दौरान तिगड़ाना से बारात आई, जिसमें कुछ युवक लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे।
रोहित ने उन्हें लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते देख लिया और युवकों को इस मामले में टोका तो उनके बीच कहासुनी हो गई। बारात में आए युवक उस समय तो चले गए, लेकिन शादी खत्म होने के बाद जब वह घर जाने के लिए गाड़ी लेकर निकले तो रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। रेलवे फाटक बंद होने के कारण गाड़ी को रोकना पड़ा और करीब 20 आरोपी हाथों में हथियार लेकर पहुंच गए। इसी दौरान रोहित व जतिन गाड़ी से उतरकर भागने लगे तो आरोपियों ने रोहित को पकड़ लिया। गाड़ी से उतरकर जतिन मौके से भाग गया, जबकि रोहित के साथ आरोपियों ने जमकर मारपीट की। बताया जाता है कि शरीर का कोई ऐसा हिस्सा नहीं था, जहां चोट के निशान नहीं थे।
घायल अवस्था में आरोपियों के जाने के बाद रोहित को लेकर जतिन अस्पताल गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर किया। रातभर पर हालत नाजुक रही और सुबह करीब 10 बजे रोहित ने दम तोड़ दिया रोहित धनखड़ पेशे से बॉडी बिल्डर व जिम ट्रेनर था। सेक्टर 4 में जिमखाना क्लब में लोगों को ट्रेनिंग देता था और अपने घर का गुजारा करता था। रोहित के पिता सत्यवान धनखड़ की 2017 में हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। घर में मां व बहन का इकलौता सहारा था।
ये भी पढ़ें: ‘तबाही’ लेकर आ रहे हैं यश और कियारा, रिलीज हुआ पहले गाने का पोस्टर