कैथल। नौकरी का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते और सिम कार्ड ठगी में इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने आरोपियों की पहचान अमरजीत, गांव घसो खुर्द, जिला जींद और दीपक, गांव चैनत, जिला हिसार के रूप में की। रविवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया और चार दिन का रिमांड मिला।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि पाडला निवासी कविता ने शिकायत दर्ज कराई। उसके अनुसार, उसके पति से एक अज्ञात युवक ने संपर्क कर पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। युवक ने दावा किया कि नौकरी के लिए बैंक खाता और सिम कार्ड जरूरी हैं। विश्वास में आने पर कविता ने आधार, पैन और फोटो उपलब्ध कराए।
इसके बाद आरोपी कविता के नाम पर कई बैंकों में खाते खुलवाकर सभी किट अपने पास रख लिया। मोबाइल नंबर भी कब्जे में ले लिया, जिसमें उसका एचडीएफसी खाता लिंक था।कुछ दिनों बाद खाते से 40,000 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत में बताया गया कि आरोपी अन्य लोगों से भी खाते और सिम कार्ड ले चुके थे। साइबर क्राइम पुलिस की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपियों की पहचान की। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी बेरोजगारों को नौकरी का लालच देकर ठगी करते थे।

