Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैथल में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 60 लाख की ठगी

August 27, 2025

कैथल में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 60 लाख की ठगी

कैथल। गुहला निवासी एक युवक ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड का शिकार हो गया। अज्ञात आरोपियों ने उसे भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) का फर्जी प्रमाणपत्र दिखाकर विश्वास में लिया और निवेश के नाम पर 60 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए।

पीड़ित इकबाल ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसके मुताबिक, उसके खाते एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक में संचालित हैं। गत 6 जुलाई को उसने फेसबुक पर स्टॉक मार्केट से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। लिंक खोलने पर “एक्सिस डायरेक्ट” नामक वेबसाइट खुली, जहां मांगी गई जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने के बाद उसका खाता बना दिया गया।

इसके बाद व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर उसे 8% मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआती छोटे लेन-देन में लाभ दिखाया गया, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसी क्रम में उसने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करने शुरू किए और कुल 60.50 लाख रुपये ठगों को दे दिए। जब उसने मुनाफा या अपनी पूंजी निकालनी चाही तो न तो रकम निकली और न ही लगाए हुए पैसे वापस मिले।

इकबाल ने बताया कि ठग लगातार उसे सेबी के फर्जी सर्टिफिकेट और वॉइस मैसेज भेजते रहे। शुरुआत में उसने 102 रुपये का लेन-देन किया था, जिस पर मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद उसने 49,905 रुपये और फिर धीरे-धीरे लाखों रुपये निवेश कर दिए। 15 जुलाई को जब उसने एप खोली तो उसमें “पैन कार्ड मिसमैच” का संदेश दिखा और एप बंद हो गई।

साइबर थाना प्रभारी सुभ्रांशु ने बताया कि शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें