हरियाणा डेस्क: कैथल के गांव सिल्लाखेड़ा रोड पर एक नाले के अंदर नीले रंग के सूटकेस में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस की टीमें शव की शिनाख्त करने में जुटी हुई हैं। गांव सिल्लाखेड़ा निवासी किसान गुरपेज सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या और शव को ठिकाने लगाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। शव को छोटे सूटकेस में फिट करने के लिए महिला की हड्डियां तोड़ी गई थीं, जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिस सूटकेस में शव मिला। वह बिल्कुल नया था और उस पर नई पन्नी भी लगी हुई थी। सूटकेस के पास ही एक बैग मिला है, जिसमें दो लेडीज सूट रखे थे। इन सूटों के रैपर पर करनाल के असंध क्षेत्र की एक दुकान का पता लिखा हुआ है।
गांव के किसान गुरपेज सिंह ने बताया कि इसी रास्ते से वह रोज अपने खेतों में आते-जाते हैं। सोमवार को उन्होंने नाले में एक सूटकेस पड़ा देखा था, लेकिन उन्हें लगा कि किसी ने पुराना सूटकेस फेंक दिया होगा। अगले दिन मंगलवार को जब दोबारा देखा तो सूटकेस की चेन खुली हुई थी और उसमें से महिला के हाथ-पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: नए साल पर Esha Deol को पिता की आई याद, भावुक पोस्ट हुई वायरल
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने भी सूटकेस पहले देखा था, लेकिन शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस का मानना है कि सूटकेस में पानी भरने से शव फूल गया, जिससे चेन खुल गई और शव का हिस्सा बाहर आ गया। इसी वजह से इस मामले का खुलासा हो सका।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की हत्या करीब दो दिन पहले की गई है। आमतौर पर पानी में शव डालने के बाद दूसरे दिन वह फूलकर ऊपर आ जाता है। सूटकेस में भी पानी चला गया था, जिससे शव फूल गया और सूटकेस की चेन टूट गई। महिला के गले पर दबाव के निशान मिले हैं और नाक के पास खून के धब्बे भी पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका मजबूत होती है।
मृतका की लंबाई करीब 5 फीट से ज्यादा बताई जा रही है और उसे करीब दो फीट लंबे सूटकेस में बंद किया गया था। इसके लिए शव की हड्डियां तोड़कर उसे मोड़ा गया। पुलिस को शक है कि हत्या करने के बाद शव को किसी वाहन में लाकर यहां फेंका गया होगा, जहां शव मिला है। वह खनौरी रोड बाइपास से करीब 200 से 250 मीटर की दूरी पर है।
पुलिस आसपास के इलाकों और खनौरी रोड के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। असंध से कैथल रोड तक लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिस जगह शव मिला है। वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। इसके अलावा आसपास के थानों से लापता महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है, लेकिन अभी तक किसी महिला के गुमशुदा होने की पुष्टि नहीं हुई है।
Video: कुल्लू-मनाली में नए साल का जश्न, डीजे पर सैलानियों का मज़ा
शव की पहचान के लिए पुलिस के पास फिलहाल दो अहम सुराग हैं। एक महिला की कलाई पर बना टैटू और दूसरा पास में मिले दो लेडीज सूट। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये सूट असंध में किस दुकान या टेलर से खरीदे या सिलवाए गए थे।
फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। वीरवार को डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। एसएमओ डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। सिटी थाना की एसएचओ गीता ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है और हर संभव सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...