Site icon Dainik Savera Times

रंजिश में बुझ गया घर का दीपक: कुछ दिन पहले ही जमानत पर घर आया था

डेहा बस्ती में 18 वर्षीय आशु का शव मिलने से इलाके में डर फैल गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर सिर पर नुकीले हथियार से कई वार किए। शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं।

रेलवे ट्रैक के पास फेंका शव
हत्या के बाद आरोपी शव को रेलवे लाइन के पास एक खाली प्लॉट में छोड़कर फरार हो गए। सुबह टहल रहे लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

पिता का बयान
मृतक के पिता राकेश ने बताया कि आशु रोज की तरह सवेरे सवा चार बजे घूमने निकला था। कुछ देर बाद पुलिस का फोन आया कि रेलवे ट्रैक के पास एक युवक पड़ा मिला है। मौके पर पहुंचे तो उसके सिर पर गहरे घाव थे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।

हाल ही में आया था जमानत पर
जांच में पता चला कि आशु गैर इरादतन हत्या मामले में आरोपी था और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके पास मोबाइल और इयरफोन भी मिला।

बहन ने लगाए आरोप
आशु की बहन नेहा ने बस्ती के ही विशाल और उसके रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया। उसने बताया कि 15 दिन पहले दोनों में झगड़ा हुआ था और तभी से रंजिश चल रही थी। उसके अनुसार, बदला लेने के लिए आशु को निशाना बनाया गया।

एक युवक हिरासत में
शहर थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी बीरभान के अनुसार, जखौली अड्डा निवासी अजय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

Exit mobile version