शाहाबाद (करनाल)। मंगलवार शाम नलवी गांव के निकट हुए सड़क हादसे में होमगार्ड के एक जवान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी ठोल, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह शाहाबाद में अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में नलवी के पास एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद गुरप्रीत सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक सहायता देने के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें मोहड़ी के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने गुरप्रीत को मृत घोषित कर दिया।
गुरप्रीत सिंह परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके निधन से मां-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीछे पत्नी, 15 वर्षीय बेटा गुरतेग और छह वर्षीय बेटी अमृत शोक में हैं। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।