Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चार्जिंग पर खड़ी ई-स्कूटर बनी आग का गोला, क्लब मार्केट में मची अफरातफरी

December 18, 2025

चार्जिंग पर खड़ी ई-स्कूटर बनी आग का गोला, क्लब मार्केट में मची अफरातफरी

करनाल। शहर के व्यस्त क्लब मार्केट में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाजार की पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर अचानक आग की चपेट में आ गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में धुआं फैल गया और दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटर को दुकान के सामने चार्ज किया जा रहा था। चार्जिंग के दौरान वाहन से पहले तेज गंध और धुआं निकलने लगा, इसके तुरंत बाद आग भड़क उठी। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास खड़े लोग पीछे हटने को मजबूर हो गए।

आग बुझाने के लिए मौके पर मौजूद दुकानदारों ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया, लेकिन लगातार बढ़ती आग के सामने दोनों सिलिंडर बेअसर साबित हुए। हालात बिगड़ते देख पास में खड़े अन्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों को हटाया गया, ताकि आग फैलने से रोकी जा सके।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि स्कूटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

स्कूटर मालिक सुधीर मदान ने बताया कि उन्होंने करीब सवा साल पहले 1.10 लाख रुपये में हीरो कंपनी की यह इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदी थी। उन्होंने आशंका जताई कि हादसा चार्जिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हुआ हो सकता है।

घटना के बाद बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दुकानदारों का कहना है कि व्यस्त बाजारों में बिना सुरक्षा इंतजाम के चार्जिंग भविष्य में बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें