करनाल। उत्तर भारत में बढ़ती ठंड के साथ सुबह और रात के समय छा रहे घने कोहरे ने रेल संचालन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को करनाल रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने तय समय से घंटों बाद पहुंचीं, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कोहरे के कारण कुछ ट्रेनों की रफ्तार सीमित करनी पड़ी, जबकि कई सेवाएं देरी से संचालित हुईं। आम्रपाली एक्सप्रेस, फाजिल्का एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से देर से स्टेशन पर पहुंचीं। ऊंचाहार एक्सप्रेस को सबसे अधिक प्रभावित ट्रेनों में शामिल किया गया, जो कई घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंची। मौसम की मार के चलते शान-ए-पंजाब ट्रेन का संचालन रद्द करना पड़ा।
दिल्ली और अंबाला सेक्शन की ओर चलने वाली ट्रेनों पर भी कोहरे का असर साफ दिखाई दिया। टाटानगर एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन, नई दिल्ली जनशताब्दी और दिल्ली इंटरसिटी जैसी ट्रेनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। इसके अलावा कुछ लोकल और सुपरफास्ट ट्रेनें भी देरी से चलीं।
लगातार हो रही लेटलतीफी से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। कई यात्रियों ने कहा कि सर्द मौसम के दौरान ट्रेनों के समय में बार-बार बदलाव से उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से कोहरे के मद्देनजर वैकल्पिक व्यवस्था और बेहतर सूचना प्रणाली लागू करने की मांग की है, ताकि उन्हें अनिश्चित इंतजार से राहत मिल सके।

