करनाल। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने नशा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे समालखा निवासी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। राजेंद्र पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह जून 2023 से फरार था।
ब्यूरो के एसपी मोहित हांडा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ से संकेत मिले हैं कि राजेंद्र गांजे की अवैध सप्लाई में सक्रिय था। उल्लेखनीय है कि 3 जून 2023 को तरावड़ी इलाके से उसकी सहयोगी मीरा को 25 किलो 600 ग्राम गांजा समेत पकड़ा गया था, जबकि राजेंद्र मौके से फरार हो गया था।
पूछताछ से खुल सकती है तस्करी की परतें
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से नेटवर्क, सप्लाई रूट और वितरण चैन से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई जाएगी। जांच एजेंसियों को विश्वास है कि इस गिरफ्तारी के बाद नशा तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा संभव है।
लोगों से अपील
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आम जनता से नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने का आग्रह किया है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1933, पोर्टल ncbmanas.gov.in और हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 उपलब्ध हैं।