करनाल। जिला नगर योजनाकार विभाग ने बुधवार को निसिंग क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर कड़ी कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर कई निर्माणाधीन ढांचों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में सख्ती का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: इन राज्यों में सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, देखें आपके शहर में क्या है ताजा रेट
पहली कॉलोनी गांव गोंदर के पास बस अड्डा क्षेत्र में लगभग 5.5 एकड़ में बसाई जा रही थी। टीम ने यहाँ छह डीपीसी और सभी कच्ची सड़कों को हटाकर पूरा ढांचा ध्वस्त कर दिया। दूसरी कॉलोनी गोंदर रोड निसिंग से सटी हुई थी और करीब 10 एकड़ में फैली थी। इस जगह पर छह निर्माणाधीन मकान, डीपीसी, चहारदीवारी, सीवरेज लाइन और कच्ची सड़कें पूरी तरह हटा दी गईं।
जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने कहा कि विभाग लगातार अवैध निर्माणों पर निगरानी रख रहा है और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना जांच परख के प्लॉट न खरीदें और केवल वैध कॉलोनियों में ही निवेश करें।

