Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल के नगला चौक क्षेत्र से किशोरी लापता, पुलिस जांच में जुटी

December 18, 2025

करनाल के नगला चौक क्षेत्र से किशोरी लापता, पुलिस जांच में जुटी

करनाल। नगला चौक क्षेत्र से एक किशोरी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल है। परिवार ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

किशोरी के पिता ने मधुबन थाना पुलिस को बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में नगला चौक इलाके में रह रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बेटी पिछले दो महीनों से एक निजी कंपनी में ठेकेदार के अधीन काम कर रही थीं। 16 दिसंबर को किशोरी घर पर मौजूद थी। उसी दौरान मोहल्ले का युवक उसे किसी बहाने से घर से बाहर ले गया।

जब काफी देर तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद मंगलौरा पुलिस चौकी को मामले की जानकारी दी गई।

मधुबन थाना प्रभारी गौरव पुनिया ने बताया कि किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द किशोरी को तलाशने के प्रयास जारी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें