
करनाल जिले के इंद्री इलाके में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैराना, उत्तर प्रदेश की 20 वर्षीय युवती कुलसुम की उसके ही सगे भाई ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भाई बहन का दोबारा निकाह कराना चाहता था, लेकिन जब उसने इनकार कर दिया तो वह बौखला उठा।
गला घोंटकर शव सड़क पर फेंका
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेहान (26) ने बहन को लुधियाना ले जाने का बहाना बनाकर कैंटर में बैठाया। रास्ते में नीलोखेड़ी के बराना गांव के पास सुनसान जगह देखकर उसने अंगौछे से गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात को हादसा दिखाने के लिए शव को सड़क पर रखकर कैंटर से सिर कुचलने का प्रयास किया गया। बाद में मृतका का शव उमरपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस, कैंटर से मिले बाल
एफएसएल की टीम ने मौके से सबूत इकट्ठे किए। कैंटर से बाल बरामद हुए हैं, साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया अंगौछा भी पुलिस के कब्जे में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती के गले पर गहरे निशान थे और दबाव से उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ। हालांकि दुष्कर्म की आशंका से इनकार किया गया है।
पर्ची और वीडियो से खुला राज
वारदात के बाद पुलिस को मृतका की जेब से एक पर्ची मिली, जिस पर दो मोबाइल नंबर लिखे थे। जांच में पहचान कुलसुम के रूप में हुई। इसी दौरान झगड़े का एक वीडियो भी सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। महज 12 घंटे के भीतर भाई रेहान और उसके चचेरे भाई फरमान को झिंझान से गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने दोनों को रिमांड पर भेजा था और अब जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का बयान
डीएसपी इंद्री सतीश गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ पूरी कर ली गई है। उन्होंने वारदात स्थल की निशानदेही भी कराई है। हत्या को हादसा साबित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों ने सच्चाई उजागर कर दी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...