
करनाल। मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक सलेश की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह तीसरी मंजिल से गिर पड़ा था। सलेश मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और यहां अपने भाइयों के साथ रह रहा था। वह पास की एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था और ज्यादातर नाइट शिफ्ट करता था।
परिजनों के अनुसार, सलेश गुरुवार रात ड्यूटी से लौटकर सुबह करीब 3 बजे छत पर सोने चला गया था। नींद के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। सुबह करीब 6 बजे परिवार के लोगों ने उसे जमीन पर पड़ा पाया। हादसे के बाद परिजन किसी को बताए बिना अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे, लेकिन इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालांकि परिजनों ने इसका कड़ा विरोध किया और अस्पताल में हंगामा भी किया। उनका कहना था कि यह महज हादसा है, किसी जांच की जरूरत नहीं। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो अंततः परिजनों से लिखित बयान लेकर शव को उन्हें सौंप दिया गया।
एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि हादसे के समय सलेश अकेला छत पर मौजूद था। सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि कानूनी तौर पर पोस्टमॉर्टम जरूरी होता है, लेकिन परिजनों ने लिखित में कार्रवाई से इंकार कर दिया।
सलेश की शादी हो चुकी थी और वह एक छोटी बेटी का पिता था। उसके अचानक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि सलेश ही घर का सहारा था और उसके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...