कुरुक्षेत्र/पिहोवा/पिपली। त्योहारों के मौसम में मिलावटी मिठाईयों के कारोबार को रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को सीएम फ्लाइंग टीम और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के कई इलाकों में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों के नमूने भरे।
जानकारी के अनुसार, टीम ने झांसा, पिहोवा और थानेसर क्षेत्र में करीब 10 जगहों से सैंपल लिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं और डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर डॉ. अमित चौहान ने बताया कि पिपली के एक स्वीट हाउस से रसगुल्ले, लड्डू और समोसे के सैंपल लिए गए। वहीं झांसा में बिना लाइसेंस चल रही एक डेयरी से दूध और घी के नमूने लिए गए। संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा, पिहोवा क्षेत्र में भी एक डेयरी से पनीर, दूध और दही के नमूने भरे गए। विभाग ने अब तक जिलेभर से करीब 50 सैंपल लिए हैं, जिनमें से 6 रिपोर्टें नेगेटिव आई हैं।
डॉ. अमित ने बताया कि जांच अभियान त्योहारों के पूरे सीजन में जारी रहेगा। उनका कहना है कि अभी तक किसी दुकान में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बाकी रिपोर्टों से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...