
हरियाणा डेस्क: कुरुक्षेत्र जिले में मलेरिया और डेंगू के संभावित खतरे के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाल ही में मलेरिया का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है, जो उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आया हुआ व्यक्ति है और इस समय कलाल माजरा गांव में रह रहा है। मरीज की हालत पर नजर रखी जा रही है और उसके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें बीते चार दिनों से गांव-गांव और घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच कर रही हैं। अब तक जिले में 63,900 ब्लड स्लाइड्स और 3,800 से अधिक रेपिड टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनसे मलेरिया की पहचान की जा रही है। वहीं डेंगू की जांच के लिए 63 एलाइज़ा टेस्ट किए गए, जो सभी निगेटिव पाए गए हैं। डेंगू का एक पुराना मामला मार्च महीने में पीजीआई चंडीगढ़ में सामने आया था, लेकिन मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है।
सतर्कता और बचाव उपाय तेज
डेंगू के फैलते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद द्वारा फॉगिंग कराई जा रही है, वहीं गांवों में पंचायतों को मच्छर रोधी दवाएं वितरित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मच्छरों की रोकथाम के लिए सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग की अपील:
घरों के आसपास पानी जमा न होने दें
कूलर, गमले, टंकियों और अन्य पात्रों की सफाई नियमित रूप से करें
बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं
फुल स्लीव कपड़े पहनें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें
स्वास्थ्य विभाग की इस मुहिम में स्थानीय प्रशासन, पंचायतें और आमजन भी सहयोग कर रहे हैं। विभाग का लक्ष्य मलेरिया और डेंगू के संक्रमण को जिले में फैलने से रोकना है।