
कुरुक्षेत्र। नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए दोगुना मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगों ने पिहोवा निवासी कमलकांत शर्मा और उनके साथियों से करीब 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शुरुआत में कंपनी ने कुछ लाभ दिखाकर भरोसा दिलाया, लेकिन जब पीड़ित ने मुनाफा निकालने की कोशिश की तो उनसे आयकर के नाम पर 5.60 लाख रुपये और मांग लिए गए।
पीड़ित कमलकांत शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़े हुए हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान फेसबुक पर एक युवती स्नेहा पटेल से हुई। युवती ने खुद को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क कंपनी से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि उसने करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाया है। भरोसा जीतने के बाद उसने कंपनी का लिंक और कस्टमर केयर नंबर शेयर किया और रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
कमलकांत ने अपने परिचित रामकुमार (इसाक) और परमजीत कौर के साथ मिलकर अलग-अलग खातों से करीब 38 लाख रुपये कंपनी में जमा कर दिए। शुरू में 20 हजार रुपये निवेश करने पर 5 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया, जिससे उन्हें भरोसा हो गया और उन्होंने रकम बढ़ाते-बढ़ाते लाखों रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद कंपनी के खाते में 21 लाख रुपये का मुनाफा दिखने लगा।
लेकिन जैसे ही पीड़ितों ने मुनाफा निकालने की मांग की, कंपनी ने इनकम टैक्स के नाम पर 5 लाख 60 हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने का दबाव बनाया। इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला और मामला साइबर थाना में दर्ज कराया गया।
साइबर थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि आरोपी निवेशकों को झूठे मुनाफे का लालच देकर ठग रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और इस तरह के झांसे में न आने की अपील की। फिलहाल आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...