Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुरुक्षेत्र: दिनदहाड़े इमीग्रेशन सेंटर पर फायरिंग, नकाबपोश बाइक सवारों ने चलाईं गोलियां, बाल-बाल बचे कर्मचारी

September 13, 2025

कुरुक्षेत्र: दिनदहाड़े इमीग्रेशन सेंटर पर फायरिंग, नकाबपोश बाइक सवारों ने चलाईं गोलियां, बाल-बाल बचे कर्मचारी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बार फिर गोलियों की गूंज सुनाई दी। धर्मनगरी के नए बस अड्डे के सामने स्थित 3सी चैतन्य इमीग्रेशन सेंटर को निशाना बनाते हुए दो नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बदमाशों ने सेंटर के मुख्य गेट पर चार राउंड फायर किए, जिससे कांच चकनाचूर हो गया।

घटना में सेंटर के अंदर मौजूद मैनेजर और स्टाफ बाल-बाल बच गए। हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

दहशत में आए लोग, पुलिस बल मौके पर पहुंचा

गोलियों की आवाज से सेंटर में अफरातफरी मच गई और आस-पास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक गहलोत, डीएसपी सुनील कुमार, एसटीएफ अंबाला व जिला अपराध अन्वेषण शाखा की दो टीमों के साथ मौके पर पहुंचे।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। मौके से 32 बोर के चार कारतूस के खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सेंटर प्रबंधक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दोपहर 1:45 बजे दिया वारदात को अंजाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो नकाबपोश युवक बाइक पर दोपहर करीब 1:45 बजे सेंटर के बाहर पहुंचे और बिना कुछ कहे सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां सेंटर के शीशे और दरवाजे पर लगीं, जिससे कांच टूटकर नीचे गिर गया। उस समय रिसेप्शन पर खड़े मैनेजर और बाकी स्टाफ किसी तरह बच गए।

पहले भी बन चुके हैं चैतन्य सेंटर निशाना

यह पहली बार नहीं है जब चैतन्य इमीग्रेशन/आईलेट्स सेंटर को निशाना बनाया गया हो। जुलाई 2022 में लाडवा स्थित चैतन्य आइलेट्स सेंटर पर भी बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ 12 राउंड गोलियां चलाई थीं। इसके बाद कुरुक्षेत्र के सेक्टर-10 और शाहाबाद के सेंटरों पर भी इसी तरह की फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पुलिस ने कसी कमर, जांच में जुटी टीमें

पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमों को जांच में लगाया गया है। जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें