Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

एनएच-152 पर गलत साइड से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, दो युवकों की मौत

December 15, 2025

एनएच-152 पर गलत साइड से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, दो युवकों की मौत

पिहोवा। हिसार–चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भट्ट माजरा गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार भट्ट माजरा निवासी गुरपाल (28), संजीव कुमार (27) और उनका दोस्त मोहित बाइक से मलिकपुर गांव स्थित मशरूम फैक्टरी से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीएनजी सिलेंडरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से तेज रफ्तार में आती हुई उनकी बाइक से टकरा गई।

टक्कर में बाइक चला रहे गुरपाल को सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संजीव को सिर, छाती और पेट में गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे मोहित को भी चोटें लगीं। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। संजीव को पहले पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर उसे लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मोहित का फिलहाल निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतक संजीव के भाई राजेश कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें