शनिवार देर रात शाहाबाद में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब लाडवा रोड शुगर मिल से आ रहे वाहन से केमिकल शीरा सड़क पर फैल गया। अनाज मंडी टी-प्वाइंट और शुगर मिल के पास सड़क पर अचानक इतनी फिसलन हो गई कि कई दुपहिया वाहन चालक नियंत्रण खो बैठे और गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें: घर की छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
थाना प्रभारी सुनील वत्स और हुडा चौकी प्रभारी महेश कुमार टीम सहित तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए कस्सी से खुद ही सड़क पर मिट्टी और रेत डालना शुरू किया ताकि फिसलन कम हो सके। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया जिसने पानी डालकर सड़क पर फैले केमिकल को साफ किया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को पूरी तरह धोकर यातायात के लिए खोल दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई गंभीर घायल नहीं हुआ। हालांकि कुछ बाइक सवारों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय आढ़ती गुरदीप सिंह लुथरा, सुरेंद्र सिंह लुथरा और शंटी ने बताया कि सड़क पर गिरे केमिकल के कारण हर वाहन फिसल रहा था। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा होना तय था।
ये भी पढ़ें: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी, तीन गिरफ्तार

