
कुरुक्षेत्र। जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। शेख चेहली मकबरे के पास सुबह करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में शाहाबाद के गांव कलसाना निवासी नरेश कुमार (38) और उनका सात वर्षीय बेटा भविष्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का टायर नरेश की टांग पर चढ़ गया जिससे उनकी टांग कई जगह से टूटकर केवल मांस पर टिकी रह गई। नरेश को अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आईं, वहीं भविष्य के हाथ, पैर और शरीर पर चोटें लगी हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें शाहाबाद स्थित निजी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने नरेश की स्थिति नाजुक बताई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल थाना कृष्णा गेट पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, वहीं फरार चालक की तलाश जारी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...