Site icon Dainik Savera Times

फरीदाबाद में छह वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में व्यक्ति गिरफ्तार

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में अपने छह वर्षीय भतीजे का कथित तौर पर अपहरण करने और गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले भगत सिंह कॉलोनी से अगवा किए गए शिवांश उर्फ छोटू का शव बृहस्पतिवार शाम को उसके रिश्तेदार के घर में एक बेड के बॉक्स से मिला।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान बलराम के रूप में हुई है जो भगत सिंह कॉलोनी का निवासी है। वह दिल्ली में मजदूरी करता है और उसके तीन बच्चे हैं। मृतक के रिश्तेदारों ने दावा किया कि बलराम के अपनी पत्नी के साथ तनावपूर्ण संबंध थे और वह उसे बच्चे की हत्या में फंसाना चाहता था। हालांकि, एनआईटी की थाना प्रभारी सुशीला देवी ने कहा कि मामले की अभी जांच की जा रही है। 14 नवंबर को एनआईटी पुलिस ने बच्चे के पिता भानू की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा, ‘‘हमारी अपराध शाखा टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।’’

Exit mobile version