Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

NH-48 पर देर रात भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत से सनसनी

November 23, 2025

NH-48 पर देर रात भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत से सनसनी

गुरुग्राम। दिल्ली–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर मानेसर सेक्टर-8 कट के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 24 वर्षीय अंकुश पाल, निवासी नयां औरैया (उत्तर प्रदेश), और 20 वर्षीय विकास बाबू, निवासी बीना इटावा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों मानेसर स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे और शिफ्ट खत्म कर नाहरपुर झाबो स्थित किराये के कमरे की ओर लौट रहे थे।

हादसा बेहद भयावह था। दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर इतनी तीव्र थी कि उनकी जान नहीं बच सकी। घटना लगभग रात 10 बजे की बताई जा रही है। टक्कर के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

टक्कर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर लंबे समय तक जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर मानेसर पुलिस ने पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त बाइक को साइड में करवाया।

आईएमटी थाना मानेसर के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि दोनों युवक फैक्ट्री ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली है। शवों को शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है और पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा।

पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, चालक की पहचान जल्द होने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें