Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह ने मोहा मन, महापौर ने बढ़ाया हौसला

November 29, 2026

नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह ने मोहा मन, महापौर ने बढ़ाया हौसला

Mayor RenU Bala Gupta Attends Annual Sports Day : करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने रविवार को शेमरॉक इंटरनेशनल प्ले स्कूल के वार्षिक खेल दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों की खेल गतिविधियों और रंगारंग प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

साथ ही अपनी स्नेहपूर्ण उपस्थिति से उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के आत्मविश्वास, उमंग और खेल भावना ने पूरे समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बचपन जीवन का वह महत्वपूर्ण दौर है, जिसमें बच्चों के व्यक्तित्व की नींव रखी जाती है। शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेलों में भागीदारी करना, प्रयास करना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है।

उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आज के नन्हे प्रतिभागियों में जिस तरह का आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे मंच पर स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करना सीखते हैं। महापौर ने विद्यालय के डायरेक्टर एसपी चौहान, सीमा चौहान और समस्त विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर बच्चों की रुचि एवं प्रतिभा को पहचानना चाहिए, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर मिल सकें। इस अवसर पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा, पूर्व चेयरपर्सन मेघा भंडारी, पार्षद संकल्प भंडारी, प्रिंसिपल कपिला, वेदांत एवं शिवानी चौहान सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्कूल डायरेक्टर एसपी चौहान एवं सीमा चौहान ने महापौर रेणु बाला गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह में पहुंचकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने और उन्हें अपना स्नेहाशीष देने के लिए उनका धन्यवाद किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें