Site icon Dainik Savera Times

राज्य स्तरीय बॉक्सिंग-कराटे पदक विजेता छात्राओं का सम्मान

Medal-Winning Girls Honoured : महेंद्रगढ़। श्रीकृष्णा स्कूल महेंद्रगढ़ में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली छात्राओं संजना और खुशी के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। संजना ने बॉक्सिंग में कांस्य, जबकि खुशी ने कराटे में रजत पदक हासिल किया।

समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल चेयरमैन डॉ. बीरसिंह यादव रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य रवि प्रकाश ने की। मुख्य खेल प्रशिक्षक महिपाल यादव ने बताया कि 16 से 18 सितंबर तक कैथल के आरकेएसडी स्कूल स्टेडियम में आयोजित 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में छात्रा संजना ने अंडर-17 आयु वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, 21 से 23 सितंबर तक यदुवंशी स्कूल महेंद्रगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में छात्रा खुशी ने अंडर-19 आयु वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। इस अवसर पर डॉ. बीरसिंह यादव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने का हौसला पैदा करते हैं। संजना और खुशी की सफलता उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध करवाता रहेगा।

सीईओ कर्मवीर राव और डॉ. कविता राव ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। प्राचार्य रवि प्रकाश ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अब लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना है। इस मौके पर कबड्डी कोच उत्तम सिंह, एथलेटिक्स कोच वीरेंद्र कुमार, योगा कोच गीता, शीलूराम डीपीई सहित शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Also Read :

Exit mobile version