RPS College Wins Volleyball Title : नारनौल। यदुवंशी डिग्री कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालयी पुरुष वॉलीबॉल टूर्नामेंट में आरपीएस डिग्री कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में राजकीय महाविद्यालय छिल्लरों को 2-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में आईजीयू रेवाड़ी से संबद्ध आठ महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। आरपीएस डिग्री कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आरपीएस डिग्री कॉलेज का सामना यदुवंशी डिग्री कॉलेज नारनौल की टीम से हुआ। आरपीएस डिग्री कॉलेज ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया।
इसके बाद सेमीफाइनल में आरपीएस डिग्री कॉलेज की टीम का मुकाबला राजकीय महाविद्यालय अटेली से हुआ, जिसमें आरपीएस ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला राजकीय महाविद्यालय छिल्लरों और आरपीएस डिग्री कॉलेज के बीच खेला गया। आरपीएस डिग्री कॉलेज के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और 2-0 से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी हासिल की।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोच सज्जन सिंह, सचिन, विक्रम सिंह, रमेश कुमार और मंजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीईओ मनीष राव ने टूर्नामेंट की सफलता और आरपीएस डिग्री कॉलेज की जीत पर आईजीयू मीरपुर, रेवाड़ी का आभार जताया। संस्था की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव, निदेशक डॉ. महेश यादव, कुलसचिव डॉ. देवेंद्र यादव और कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवेंद्र सिंह कादयान ने विजेता टीम को बधाई दी। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र यादव ने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस और मानसिक सतर्कता बढ़ाने के साथ युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।
अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आरपीएस डिग्री कॉलेज की जीत को खिलाड़ियों की मेहनत और टीम वर्क का परिणाम बताया। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र सिंह कादयान ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
Also Read :