Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने झज्जर हलके की बूथ कमेटियों की ली बैठक, कार्यकर्ताओं को चुनाव की कमान सौंपी

February 10, 2024

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने झज्जर हलके की बूथ कमेटियों की ली बैठक, कार्यकर्ताओं को चुनाव की कमान सौंपी

झज्जर: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव की कमान सौंपते हुए कहा कि किसी के पास मैं तो किसी के पास बूथ कार्यकर्ता पहुंचें और हमारे किए हुए काम और आने वाले समय में किये जाने वाले काम को बताएं। बूथ कमेटियों की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि अपने आप को दीपेन्द्र हुड्डा मान कर चुनाव प्रचार में जुट जाएँ। इस चुनाव में हरियाणा की जनभावना को बचाने की लड़ाई लड़नी है। इस चुनाव में हर तरह के षड्यंत्र और साजिशें रची जाएंगी लेकिन इनको नाकाम करने में बूथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा है। आपकी मेहनत खाली नहीं जायेगी, रंग लेकर आयेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव में जनता का पूरा आशीर्वाद है और कांग्रेस पार्टी यहां से रिकार्ड मतों से जीतेगी। ये जीत इलाके की जनता की होगी। हरियाणा और इस इलाके को विकास की बुलंदी पर ले जाने की होगी। दीपेंद्र हुड्डा ने आगामी 25 फरवरी को झज्जर में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय रैली का भी न्यौता दिया। कार्यक्रम का आयोजन विधायक गीता भुक्कल ने किया था।

इस अवसर पर झज्जर हलके में ‘घर घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक गांव, प्रत्येक घर जाकर कांग्रेस पार्टी की उपलब्धि एवं मौजूदा गठबंधन सरकार की नाकामियों के बारे में बतायेंगे। उन्होंने बूथ कमेटियों को आज से ही युद्ध स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटने और वोट पड़ने तक अपना बूथ संभालने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस बार हरियाणा में बदलाव तय है। हरियाणा के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि बीजेपी-जेजेपी जा रही है और कांग्रेस सरकार आ रही है। पिछले 1 साल में 35 पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। पिछली बार यानी 2019 में ही लोग बदलाव चाहते थे लेकिन जेजेपी ने मतदाताओं के साथ विश्वासघात कर दिया। इस सरकार ने साढ़े 9 साल में कोई काम किया नहीं, लेकिन इनका अहंकार सातवें आसमान पर है।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब साढ़े 9 वर्षों से बीजेपी की सरकार है। उन्होंने पूछा कि इन साढ़े 9 वर्षों में क्या इलाके में कोई काम किया या लोगों का मान सम्मान किया? इस पर जनता ने एक स्वर में कहा कोई काम नहीं किया न लोगों का मान-सम्मान किया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सबको इस हकीकत का पता है कि हरियाणा में किस सरकार ने काम किया। उन्होंने बताया कि कल ही संसद में उन्होंने बाढ़सा एम्स के मंजूरशुदा 10 संस्थान, हरियाणा में मेट्रो विस्तार, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, गुरुग्राम की मंजूरशुदा इंडियन डिफेंस यूनिवर्सिटी आदि परियोजनाओं के लिये भी बजट आवंटन करने की मांग की। उन्होंने बताया कि बाढ़सा एम्स के बाकी बचे हुए 10 संस्थानों के लिए पिछले 9 वर्षों की तरह इस वर्ष भी एक पैसे का आवंटन नहीं हुआ। इसी प्रकार हरियाणा में मेट्रो विस्तार के लिये एक नये खंबे का बजट नहीं दिया गया, महम के इंटरनेशनल एअरपोर्ट, इंडियन डिफेंस यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिये पिछले 10 वर्ष में एक रुपया बजट नहीं दिया गया। बीजेपी-जेजेपी हरियाणा को विकास की पटरी से उतारने वाली सरकार साबित हुई है। सबसे ज्यादा बेरोजगारी, सबसे ज्यादा महंगाई, सबसे ज्यादा अहंकारी सरकार साबित हुई है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी के संकल्प दोहराते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर तो बुजुर्गों को 6000 महीना पेंशन देंगे। गृहणियों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देंगे। हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। 100-100 गज मुफ्त प्लॉट योजना को फिर से लागू करेंगे। कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम चालू होगी, बैकवर्ड क्लास के लिए क्रीमी लेयर की सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करेंगे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक डॉ. रघुबीर कादयान, विधायक गीता भुक्कल, विधायक कुलदीप वत्स, पूर्व मंत्री राव नरेंदर, अनिल यादव, धर्मेन्दर समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें