Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा तस्कर दो भाईयों के अवैध मकान पर चला निगम का बुलडोजर

September 10, 2026

नशा तस्कर दो भाईयों के अवैध मकान पर चला निगम का बुलडोजर

यमुनानगर: शहर में अवैध निर्माण और नशा तस्करों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वीरवार को नगर निगम की टीम ने पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी में नशा तस्करी के आरोपी दो सगे भाइयों के अवैध रूप से बने दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। यमुनानगर पुलिस ने कुछ समय पहले पुराना हमीदा निवासी नईम धोबी और उसके भाई मुस्तकीम को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने नगर निगम को पत्र भेजकर आरोपियों की संपत्तियों की जांच करने का अनुरोध किया था। नगर निगम की जांच में खुलासा हुआ कि दोनों भाइयों ने बिना नक्शा और बिल्डिंग प्लान पास कराए ही खड्डा कॉलोनी में अवैध रूप से दो मंजिला मकान खड़ा किया था। जांच के बाद निगम की ओर से आरोपियों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की समय अवधि पूरी होने के बाद नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।

सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया के नेतृत्व में सहायक नगर योजनाकार दर्शन लाल, भवन निरीक्षक नरेंद्र गुंदाल और दीपक की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नशा तस्करों के दो मंजिला मकान को ढहाना शुरू किया और देखते ही देखते पूरी इमारत को मलबे में तब्दील कर दिया।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर में किसी भी सूरत में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से कब्जा या निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें