सोनीपत: विधायक निखिल मदान सोमवार को सामान्य अस्पताल में पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा और वर्तमान में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर अस्पताल में आई तीन नई डायलिसिस मशीनों का रिबन काटकर शुभारंभ किया। विधायक निखिल मदान ने कहा कि पहले 12 मशीनों से डायलिसिस की सुविधा दी जा रही थी,अब तीन नई मशीनों के आने से 15 मशीनों की मदद से रोजाना लगभग 40 और महीने में 1100 लोगों को डायलिसिस की नि:शुल्क सुविधा दी जाएगी। यह नि:शुल्क सुविधा अक्टूबर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद से ही शुरू है और पीपीपी मोड पर इस कार्य को किया जा रहा है।
इस मौके पर विधायक ने डायलिसिस करवा रहे मरीजों से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुशल क्षेम जाना। विधायक निखिल मदान ने कहा कि आज अस्पताल में बेडशीट और अन्य कपड़े धोने के लिए दो नई बड़ी वाशिंग मशीनों को भी चालू करवाया गया है जिससे अस्पताल में स्वच्छता कायम रखने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने सिविल अस्पताल का दौरा किया और मरीजों की समस्याएं सुनी। विधायक निखिल मदान ने कहा कि जल्द ही अस्पताल के अंदर मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट का निर्माण कार्य शुरू होगा जिसमें 200 बेड़ो की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जरूरी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। साथ ही पीपीपी मोड में एमआरआई और कैथ लैब बनाने के लिए भी टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है, जल्द ही सोनीपत वासियों को इसका लाभ मिलेगा। ओपीडी की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान करने के लिए दो नए काउंटर भी बनाए जाएँगे। इस अवसर पर सीएमओ डॉ ज्योत्सना, डॉक्टर गिन्नी लांबा,डॉक्टर संदीप लठवाल और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद विधायक निखिल मदान ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अस्पताल में जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। विधायक निखिल मदान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में प्रशासनिक व्यवस्था को सुधारने का काम किया और बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरियां देकर इतिहास रचने का काम किया। साथ ही हरियाणा से भ्रष्टाचार को भी मिटाने का काम किया। वह मनोहर लाल की दीघार्यु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं। इसके पश्चात विधायक निखिल मदान जागृति धाम सेक्टर 15 में पहुंचे जहां उन्होंने मनोहर लाल के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। मौके पर मौजूद सभी लोगों ने मनोहर लाल के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीघार्यु जीवन की कामना की।
ये भी पढ़ें- BIG BREAKING : बिहार के शीतला मंदिर में मची भगदड़, 5 की मौत, कई लोग घायल

