Site icon Dainik Savera Times

भाजपा सरकार ही विकसित राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त कर सकती है: ओमप्रकाश धनखड़

जींद : भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने शनिवार को कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग भाजपा के शासनकाल में ही प्रशस्त हो सकता है। जिले की सफीदों विधानसभा क्षेत्र में पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा कि देश के लोगों को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लिए बार-बार भाजपा सरकार को चुनना होगा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बौखलाए हुए कांग्रेस नेता अब मंच से खुलेआम जनता को भी गाली दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता एक बार फिर 2024 में कांग्रेस नेताओं को सबक सिखाएगी।धनखड़ ने पन्ना प्रमुखों से कहा, ‘‘आप अपने-अपने पन्ने के मतदाताओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रतिनिधि हैं। इसलिए आपका दायित्व बनता है कि मोदी नीत केन्द्र सरकार की नीतियों का लाभ हर पात्र नागरिक तक पंहुचे।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा में हर नेता पन्ना प्रमुख है और भाजपा में पन्ना प्रमुख ही मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रधानमंत्री बनते हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत विश्व का पहला देश बन गया है। अब तो चंद्रमा को देखने का नजरिया भी बदल गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा है कि अब ‘‘चंदा मामा दूर के नहीं टूर के’’ हो गए हैं, यह बड़ा बदलाव है।’’

Exit mobile version