हरियाणा डेस्क: बागपत ज़िले के सनौली क्षेत्र के पत्थरगढ़ गांव में शुक्रवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सबको हिला कर रख दिया। पहले सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई, फिर सदमे में उसकी ममेरी बहन और मौसी की भी जान चली गई। एक ही परिवार में तीन मौतों से गांव में मातम का माहौल है।
कैसे हुआ हादसा
पत्थरगढ़ निवासी आजम (25) अपने भतीजे जुनैद (17) के साथ बाइक से पानीपत सामान लेने जा रहा था। दोनों शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर से निकले, जब वे बबैल और राजाखेड़ी गांवों के बीच पहुंचे तो अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी रास्ते से गुजर रहे गांव के ही अरशद और हामिद ने उन्हें घायल देखा और तुरंत ऑटो में अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही आजम की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को गांव ले जाकर दफनाने की तैयारी करने लगे।
ये भी पढ़ें: ट्रेन में व्यक्ति ने यात्रियों पर किया चाकू से हमला, 10 लोग हुए घायल
मौत की खबर सुनते ही बहन की भी गई जान
आजम की मौत की सूचना मिलते ही उसकी ममेरी बहन शमीना, जो कैराना के बरनाऊ गांव में ससुराल में रहती थी, रोते-बिलखते पत्थरगढ़ पहुंची। भाई का शव देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगी। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और जब तक लोग संभाल पाते, उसकी मौत हो गई। शमीना के शव को उसके ससुराल बरनाऊ ले जाया गया। उधर आजम के शव को गांव पत्थरगढ़ में दफनाया गया, जब शमीना के निधन की खबर उसकी मौसी खुर्शीदा (निवासी मलिकपुर, कैराना) को मिली तो वह सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनकी भी मौत हो गई। रात को शमीना का दफनाया गया और शनिवार सुबह मौसी खुर्शीदा को भी सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
एक ही परिवार में तीन मौतें, गांव में मातम
एक दिन में एक ही परिवार से तीन लोगों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। पत्थरगढ़, बरनाऊ और मलिकपुर गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई यही कह रहा है कि ऐसा दर्दनाक मंजर पहले कभी नहीं देखा।
ये भी पढ़ें: रूस ने कैरिबियन में अमेरिका की बड़ी सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा की

