
कुरूक्षेत्र: डेहा कॉलोनी में करीब 19 लाख रुपये की लागत से बनाए गए नाले के निर्माण कार्य पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस नाले का कुछ समय पहले बड़े स्तर पर शुभारंभ किया गया था और जिसे सैकड़ों परिवारों की सुविधा से जोड़ा गया था, उसी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब शिकायतें सामने आई हैं। मामला सीएम विंडो तक पहुंचने के बाद सोमवार को सीएम फ्लाइंग अंबाला की टीम ने शाहाबाद नगरपालिका में दस्तक दी, जिससे नगरपालिका और संबंधित ठेकेदार में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि डेहा कॉलोनी में गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब के सामने सड़क और पक्के नाले का निर्माण करीब 19 लाख रुपये की लागत से शुरू किया गया था। कॉलोनी की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी और नाले की निकासी न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता था। इसी समस्या के समाधान के नाम पर यह परियोजना शुरू की गई थी। निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है, लेकिन इसी बीच इसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई। सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाले के निर्माण में घटिया और मानक से कम गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग अंबाला की टीम शाहाबाद पहुंची। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने किया, जबकि हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एसडीओ नरेश कुमार सहित कुल चार सदस्य जांच में शामिल रहे। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि विभाग को प्राप्त शिकायत में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसी के चलते मौके पर पहुंचकर नाले के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के अलग-अलग सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को अब लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की कमी या मानकों की अनदेखी पाई गई, तो संबंधित नगर पालिका अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...