
नारनौल। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए हरियाणा सरकार ने ‘राहवीर योजना’ को लागू किया है। इस योजना के तहत यदि कोई नागरिक किसी हादसे में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के एक घंटे के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाता है, तो उसे 25 हजार रुपये नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
यदि एक से अधिक लोग मदद करते हैं तो इनाम की राशि बराबर हिस्सों में बांटी जाएगी। साथ ही, एक व्यक्ति को साल में अधिकतम पांच बार ही सम्मानित किया जा सकेगा। यह योजना 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।
कैसे चुने जाएंगे ‘सर्वश्रेष्ठ राहवीर’
राज्य स्तर पर चयनित राहवीरों के नाम केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मूल्यांकन समिति सभी राज्यों से आए प्रस्तावों की समीक्षा करेगी और हर साल देशभर के दस श्रेष्ठ राहवीरों को चुना जाएगा। इन्हें 1 लाख रुपये, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी से नवाज़ा जाएगा।
डीएसपी ने बताया योजना का महत्व
डीएसपी सुरेश कुमार के अनुसार, सड़क हादसों के दौरान “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के बाद का पहला घंटा सबसे अहम होता है। इस अवधि में घायल को सही इलाज मिल जाए तो उसकी जिंदगी बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। राहवीर योजना का उद्देश्य आम लोगों को प्रेरित करना है कि वे बिना किसी डर के घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
इनाम की राशि सीधे खाते में
घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद संबंधित अस्पताल पुलिस को सूचना देगा और पुलिस रिपोर्ट जिला उपायुक्त को भेजेगी। इसके बाद परिवहन विभाग मददगार के बैंक खाते में सीधे 25 हजार रुपये ट्रांसफर करेगा। खास बात यह है कि मददगारों को पुलिस या प्रशासन की ओर से किसी तरह की परेशानी नहीं दी जाएगी।
गोल्डन ऑवर क्या है?
डॉक्टरों के अनुसार, दुर्घटना के बाद पहला घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान खून का बहाव नियंत्रित कर दिया जाए और तुरंत इलाज शुरू हो जाए तो मरीज की जान बच सकती है। यदि इलाज में देरी होती है तो मौत का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
प्राथमिक उपचार पर खास सुझाव
घायल की गर्दन न हिलने दें, दोनों तरफ किसी कठोर वस्तु से सहारा दें।
यदि खून की उल्टी हो रही हो तो मरीज को करवट में लिटाएं, सीधा न लिटाएं।
शरीर में घुसी हुई कोई वस्तु निकालने की कोशिश न करें।
हाथ-पैर काम न कर रहे हों तो सहारा देकर स्थिर करें।
सरकार का मानना है कि यदि लोग सही समय पर कदम उठाएं तो हजारों जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। राहवीर योजना इसी सोच को मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया अहम कदम है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...