कुरुक्षेत्र: शनिवार रात्रि खेड़ी मारकंडा रोड पर 3 बदमाशों ने एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ हमला करके निर्मम हत्या कर दी। युवक अपने भाई के साथ काम से छुट्टी करके बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए 3 बदमाशों ने लात मार कर उनकी बाइक को गिरा दिया और उन पर हमला कर दिया। मृतक की पहचान प्रिंस (21) निवासी शादीपुर शहीदां के रूप में हुई। प्रिंस महाराणा प्रताप चौंक के पास गारमेंट्स की दुकान पर काम करता था। प्रिंस का छोटा भाई पारस अंबेडकर चौक के पास एक शॉपिंग सेंटर में लगा हुआ है। वही रविवार सुबह मृतक के परिजन व ग्रामीण एलएनजेपी अस्पताल में एकत्रित हुए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुरुक्षेत्र-कैथल स्टेट हाइवे पर एलएनजेपी अस्पताल के सामने जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। जाम लगा रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने आरोपियों की जानकारी पुलिस को दी है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे पहले डीएसपी रणधीर सिंह ने उनको समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। करीब 2 घंटे के जाम के बाद पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के 2 दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन जाम खोलने को राजी हो गए। पुलिस ने इस संदर्भ में मृतक के भाई पारस की शिकायत पर मनीष और अंकित समेत 3 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पारस ने बताया कि वह अपने बड़े भाई प्रिंस के साथ अपनी बाइक पर सेक्टर 17 से होते हुए घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लोग स्काईट कॉलेज से 400 मीटर आगे बिस्किट फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार 3 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। एक ने उनकी बाइक पर लात मारी, जिससे वे दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। नीचे गिरते हमलावरों ने उन दोनों भाइयों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
वे दोनों भाई उठकर भागने लगे तो कीर्ति नगर के रहने वाले अंकित ने उसके भाई प्रिंस की छाती में ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिया। उसका भाई खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। तीनों हमलावर मनीष, अंकित और अन्य अपनी बाइक पर फरार हो गए। इसी दौरान उसके जानकार अभिषेक और राजू वहां पहुंच गए। उनकी मदद से उसने अपने भाई को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसके भाई प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। हमले में प्रिंस के छोटे भाई पारस को चोटें लगी हैं। उधर, थाना सदर थानेसर के सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मनीष और अंकित समेत 3 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी रणधीर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

