Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

20 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म, 30 को आएगी अंतिम मतदाता सूची

November 12, 2026

20 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म, 30 को आएगी अंतिम मतदाता सूची

Relief for 2.10 Lakh Voters in Karnal Under SIR : करनाल। एसआईआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची से बाहर हुए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग ने बड़ी राहत दी है। करनाल जिले में 2,10,530 मतदाताओं को दोबारा गणना फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 20 नवंबर तक प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 30 नवंबर को किया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची से बाहर हुए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग ने राहत देते हुए एक और अवसर प्रदान किया है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि की श्रेणी में शामिल मतदाताओं को दोबारा गणना फॉर्म भरने का मौका मिलेगा।

इस संबंध में मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में ऐसे 2 लाख 10 हजार 530 मतदाता हैं, जिनके गणना फॉर्म पहले वापस प्राप्त नहीं हुए थे। अब निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन सभी को दोबारा फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं की पहचान करने और उनके फॉर्म भरवाने में सहयोग करें, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची दोबारा सार्वजनिक की जाएगी। यह सूची मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास अधिकारी, पंचायत अधिकारियों और शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी। इसमें मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल न होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख होगा। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने अपना स्थान नहीं बदला है, उन्हें गणना फॉर्म के साथ संलग्नक-बी भरकर जमा करवाना होगा। वहीं, दूसरे जिले या विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित होने वाले मतदाताओं को संलग्नक-सी के साथ संबंधित क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के पास फॉर्म जमा करवाना होगा।

इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि दोबारा गणना फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया 20 नवंबर तक पूरी की जाएगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 30 नवंबर को होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बेघर नागरिकों के पास निवास से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को पर्याप्त माना जाएगा। बैठक में करनाल के एसडीएम देवेंद्र कुमार शर्मा, सीटीएम सुरेश कुमार सहित भाजपा से हरबंस सिंह, सीपीआई से जगपाल राणा, कांग्रेस से जोगेंद्र वाल्मीकि और आनंद चौहान तथा बसपा से रामप्रकाश और रामपाल एवं इनेलो से सुरजीत संधू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें