Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेवाड़ी में जेप्टो के गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

February 11, 2026

रेवाड़ी में जेप्टो के गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के रेवाड़ी शहर में हुडा बाईपास स्थित राजेश पायलट चौक के पास ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी जेप्टो के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में गोदाम में रखा लगभग 10 करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम पूरे जिले में ऑनलाइन ग्रॉसरी की सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जाता था। सुबह करीब चार बजे गोदाम के चौकीदार ने अचानक धुआं उठते देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें पूरे गोदाम में फैल गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौकीदार ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियों को बुलाना पड़ा। धीरे-धीरे कुल 21 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह लगभग आठ बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।

चौकीदार ने पुलिस को प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि गोदाम के पास रात में एक शादी समारोह चल रहा था। अलसुबह वहां आतिशबाजी की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की कोई चिंगारी गोदाम के अंदर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी।

मौके पर मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीम भी पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आग लगने के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल, शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें