Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहतक में मुठभेड़, पिता-पुत्र हत्या केस के तीन आरोपी दबोचे

November 14, 2025

रोहतक में मुठभेड़, पिता-पुत्र हत्या केस के तीन आरोपी दबोचे

रोहतक। आईएमटी क्षेत्र में तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। दो अन्य आरोपी गिरने से घायल हो गए। सभी को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों किसी वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहे थे।

सूचना पुलिस को सुबह करीब पांच बजे मिली। जानकारी में बताया गया कि बलियाना गांव में पिता-पुत्र की हत्या के मामले में नामजद आरोपी आईएमटी में मौजूद हैं। इस पर अपराध जांच शाखा ने तुरंत नाकेबंदी कर दी।

नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी को रोकने का संकेत दिया। स्कूटी पर तीन युवक सवार थे। युवकों ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की और गोली संजय के पैर में लगी। तीनों को मौके पर काबू कर लिया गया।

आरोपियों की पहचान बलियाना निवासी संजय, कसरेंटी निवासी वीरेंद्र और रोहित के रूप में हुई। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए। घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए।

डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि तीनों आरोपियों से पीजीआई में इलाज पूरा होने के बाद पूछताछ की जाएगी। प्राथमिक जांच से पता चला है कि ये वही आरोपी हैं जो पिछले सप्ताह बलियाना में पिता-पुत्र की हत्या में शामिल थे।

पुरानी दुश्मनी भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार धर्मबीर के बेटे सचिन पर वर्ष 2023 में गांव के ही युवक जगबीर की हत्या का आरोप लगा था। सचिन फिलहाल जेल में है। बदला लेने के लिए जगबीर के भाई संजय ने हाल में पिता-पुत्र की हत्या की थी। पुलिस इसी मामले में तीनों आरोपियों से पूछताछ करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें