Site icon Dainik Savera Times

सील दुकान की दीवार तोड़कर नशीली दवाएं चोरी, संचालक गिरफ्तार

Sealed Shop Burgled, Owner Arrested in Drug Theft Case : भिवानी। मंढोली खुर्द में सील की गई दुकान में सेंध लगाकर नशीली और गर्भपात कराने वाली एमटीपी किट चोरी करने के मामले में पुलिस ने दुकान संचालक नवीन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दवाएं भी बरामद की गई हैं। अदालत ने उसे जिला कारागार भेज दिया है।

एमटीपी और पीएनडीटी नोडल अधिकारी तथा औषधि नियंत्रण अधिकारी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चार अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव मंढोली खुर्द के मुख्य चौक पर स्थित दो दुकानों पर जांच की थी। दोनों दुकानों में अवैध चिकित्सा गतिविधियां किए जाने तथा नशीली एवं गर्भपात करने वाली एमटीपी किट बेचने की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान एक दुकान का मालिक नवीन कुमार निवासी मंढोली खुर्द मौके से भाग गया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों दुकानों को सील कर दिया था।

इसके बाद 7 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली कि 6 अगस्त की रात को सील की गई दुकान के साथ लगती दुकान में लगे लोहे के जंगले को तोड़कर नशीली एवं गर्भपात करने वाली एमटीपी किट चोरी कर ली गई हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा पूरी घटना की वीडियोग्राफी की। 8 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर दोनों सील की गई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के अंदर की दीवार में लगभग 2 बाई 2 फीट का छेद पाया गया। दीवार में ईंटें हटाकर सेंध लगाई गई थी तथा दूसरी तरफ भी इसी आकार का छेद बनाकर रास्ता तैयार किया गया था।

इस रास्ते के माध्यम से सील की गई दुकान में रखी नशीली एवं गर्भपात करने वाली एमटीपी किट चोरी की गई थीं। इस संबंध में थाना सिवानी में अभियोग दर्ज किया था। 10 नवंबर को थाना सिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी झुप्पा के मुख्य सिपाही मनजीत ने कार्रवाई करते हुए दुकान में सेंध लगाकर चोरी करने की वारदात में शामिल आरोपी नवीन कुमार निवासी मंढोली खुर्द जिला भिवानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दवाइयां बरामद की हैं। आरोपी नवीन कुमार को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।

Exit mobile version