Site icon Dainik Savera Times

शूटर नितिन फौजी के साथी ने की जेल में आत्महत्या की कोशिश

महेन्द्रगढ़: जयपुर के श्री करणी सेना के सुखदेव सिंह गोगामेडी हत्याकांड के मुख्य आरोपी व जिला के दोगड़ा जाट निवासी नितिन फौजी के एक साथी ने आज जिला जेल में ब्लेड से अपना गला काट कर आत्महत्या करने की कोशिश की। जेल की बैरक में खून के निशान देखने पर जेल कर्मियों से उसको नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां से उसकी गंभीर अवस्था के चलते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस बारे में जेल अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

जयपुर के गोगामेडी हत्याकांड के मुख्य आरोपी नितिन फौजी पर गत 9 नवंबर को महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना में एक गाड़ी में सवार होकर पुलिस पार्टी की गाड़ी को टक्कर मारने तथा फायरिंग करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने महेंद्रगढ़ सदर थाना में एफआईआर नंबर 388 दर्ज की हुई है। जिसमें उस गाड़ी में कुछ युवाओं के बैठने का जिक्र है। इस मामले में पुलिस ने गांव रिवासा के कुलदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया था। जो वारदात के समय नितिन फौजी के साथ बताया जा रहा है, जबकि इस मामले में नितिन फौजी व अन्य आरोपी फरार थे। नितिन फौजी को राजस्थान पुलिस ने सुखदेव सिंह गोगामेडी के हत्याकांड में पकड़ रखा है। अब इस मामले में नारनौल पुलिस भी नितिन फौजी को लाने का प्रयास करेगी।

कुलदीप ने सुबह 8 बजे किया आत्महत्या का प्रयास
नितिन फौजी के साथ पुलिस पार्टी की गाड़ी को टक्कर मारने व फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार गांव रिवासा निवासी कुलदीप ने आज जिला जेल में सुबह करीब 8 बजे ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जब इसकी सूचना जेल कर्मियों को लगी तो उनमें हड़कंप मच गया। जेल कर्मियों नेकुलदीप को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया गया।इस बारे में जेल एसपी संजय कुमार ने दूरभाष पर बताया कि महेंद्रगढ़ थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 388 के मुकदमे में बंद बंदी कुलदीप ने आज सुबह आत्महत्या करने का प्रयास किया था। जिसको समय रहते इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया। इसकी सूचना उन्होंने शहर थाना पुलिस को दे दी है।

Exit mobile version