सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के बनवाला गांव निवासी युवक की जान चली गई। युवक ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने साथी के साथ सिरसा रोड पर जा रहा था कि अचानक हुई घटना ने सबको दहला दिया।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु मंदिर गार्ड हत्याकांड: संदिग्ध गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर जवाहर नगर के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर से गुज़रा तो साइड सीट पर बैठा युवक संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा। ट्रैक्टर चालक को इसका ध्यान नहीं रहा और वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे युवक ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डबवाली एंबुलेंस सेवा के प्रभारी कुलवंत सिंह को जानकारी दी। कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पंजाब के बनवाला गांव निवासी व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।