Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेट्रोल पंप कर्मचारियों से भिड़े ई-रिक्शा चालक, पथराव

April 19, 2026

पेट्रोल पंप कर्मचारियों से भिड़े ई-रिक्शा चालक, पथराव

कैथल। कपिस्थल के न्यू करनाल रोड पर सवारियां बैठाने की आपाधापी में ई-रिक्शा चालकों ने तांडव मचाया। विवाद इतना बढ़ा कि चालकों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए भाजपा नेता राहुल सुरेंद्र के पेट्रोल पंप पर हमला बोल दिया।

पंप की ओर फेंके सीमेंट के ब्लॉक

सड़क किनारे रखे सीमेंट ब्लॉक उठाकर पंप की ओर फेंके गए, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। हुआ यूं कि न्यू करनाल रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने ई-रिक्शा चालकों ने सवारियों के चक्कर में रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया था। इसकी वजह से पंप पर तेल भरवाने आने वाले ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जब पंप के कर्मचारियों ने चालकों से रिक्शा थोड़ा आगे-पीछे करने और रास्ता खाली छोड़ने का अनुरोध किया तो चालक भड़क गए।

कर्मियों को लगते ब्लॉक तो हो जाते घायल

एक चालक ने फोन कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया और देखते ही देखते बहस हाथापाई और पथराव में बदल गई। हैरानी की बात यह रही कि गुंडागर्दी पर उतरे इन चालकों ने सड़क पर सुरक्षा के लिए रखे गए सीमेंट के भारी ब्लॉक्स को उठाकर पेट्रोल पंप की तरफ फेंकना शुरू कर दिया। ये ब्लॉक इतने भारी थे कि अगर किसी कर्मचारी को लग जाते तो जानलेवा साबित हो सकते थे। कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए जब मोर्चा संभाला, तो हमलावर अपनी ई-रिक्शा छोड़कर भागने लगे।

सूचना के बाद पहुंची डायल 112

मौके पर मौजूद लोगों ने एक चालक को दबोच लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से बरामद ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया है। अब देखना यह होगा कि भाजपा नेता के प्रतिष्ठान पर हुए इस हमले के बाद क्या प्रशासन इन ‘बेलगाम’ चालकों पर शिकंजा कसेगा या शहर की सड़कें इसी तरह असुरक्षित बनी रहेंगी।

Also Read :

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें