Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

आतंकी अब्दुल रहमान की जेल में मौत, आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर उतारा मौत के घाट

February 9, 2026

आतंकी अब्दुल रहमान की जेल में मौत, आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर उतारा मौत के घाट

हरियाणा डेस्क: फरीदाबाद से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिले की जेल में बंद 20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान की जेल के भीतर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उस पर हमला करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी जेल में बंद एक अन्य कैदी था। आरोपी कैदी की पहचान अरुण चौधरी के रूप में हुई है, जो कश्मीर का रहने वाला बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि रविवार रात अरुण चौधरी ने किसी नुकीली वस्तु से अब्दुल रहमान के सिर पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि अब्दुल रहमान को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे क्या कारण था और नुकीली वस्तु जेल के अंदर कैसे पहुंची।

अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी गुजरात एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में हुई थी। पुलिस के अनुसार, उसके पास से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया था, जांच एजेंसियों का दावा था कि वह अयोध्या में आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।

अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का रहने वाला था, जांच के दौरान उसके पास से राम मंदिर से जुड़े कुछ संवेदनशील वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली थीं। इन सब तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था और वह फरीदाबाद जेल में बंद था।

फिलहाल पुलिस इस हत्या के मामले की गहराई से जांच कर रही है। जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें