Site icon Dainik Savera Times

मिशन-2024 के रोडमैप पर विस्तार से होगी चर्चा : ओम प्रकाश धनखड़

चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में बोलते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता आगामी चुनावों को लेकर जोश से भरा हुआ है। उन्होंने पदाधिकारियों को कहा कि सरकार की योजनाओं के लाभ ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को दिलवाने के लिए कार्यकर्ताओं को अधिक मेहनत करनी है ताकि हर पात्र व्यक्ति को लाभ मिल सके। कार्यकारिणी की बैठक की पूर्व संध्या पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में कार्यकारिणी में रखे जाने वाली बातों पर भी चर्चा हुई।

शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की अध्यक्षता वाली बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, महामंत्री पवन सैनी, महामंत्री मोहनलाल, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, कविता जैन, संतोष यादव, विधायक महिपाल ढांडा, सरोज सिहाग और मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डॉ. संजय शर्मा, राहुल राणा मौजूद रहे। ई-टैंडरिंग नए जमाने की नई पद्धति :ई-टैंडरिंग पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कहा कि गांव की छोटी सरकार और प्रदेश सरकार दोनों में ही जनप्रतिनिधि हैं। दोनों को मिलकर ही प्रदेश का विकास सुनिश्चित करना है। अब काम करने का तरीका बदला है। पंचायत की विकास राशि का दायरा बढ़ाकर 25 लाख तक की है। ई-टैंडरिंग से पंचायत का पैसा बचेगा, जिससे दूसरे विकास कार्य कराए जा सकते हैं। ई-टैंडरिंग नए जमाने की पद्धति है। हमें विश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए अपने प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे लेकर जाना है।

Exit mobile version