Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा पुलिस को केंद्रीय गृह मंत्री 14 फरवरी को सौंपेंगे राष्ट्रपति निशान

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स कलर अवार्ड से सम्मानित होने जा रही है। हरियाणा पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर अवार्ड प्रदान करने का बहुप्रतीक्षति समारोह 14 फरवरी को मधुबन पुलिस परिसर करनाल में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य भी उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री विशिष्टता और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा कर रही हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान पुरस्कार प्रदान करेंगे।

यह पुरस्कार देश की सेवा करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में हरियाणा पुलिस की कड़ी मेहनत और समर्पण का भी एक प्रमाण है। यह निशान मिलना हरियाणा सहित समस्त राष्ट्र के लोगों के लिए गर्व का क्षण है। यह समारोह हरियाणा पुलिस की उपलब्धियों के लिए एक भव्य उत्सव का गवाह बनेगा। इस दौरान एक औपचारिक परेड भी आयोजित की जाएगी। जिसमें पुलिस के जवान फॉर्मेशन में मार्च करते हुए अपना झंडा प्रदर्शित करके कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।

Exit mobile version