पानीपत। शहर के मनमोहन नगर के एक मंदिर में आधी रात को चोरी और तोड़फोड़ की गई। चोर मंदिर का दानपात्र तोड़कर नकदी, पीतल के घंटे और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा ले गए।
मूर्तियां भी कर दी खंडित
मंदिर में स्थापित हनुमानजी की मूर्ति को भी खंडित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनमोहन नगर निवासी दीपक वर्मा ने बताया कि कॉलोनी में स्थित मंदिर में बुधवार रात करीब दो बजे चोर घुस आए। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो दानपात्र टूटा मिला। मंदिर से पीतल के घंटे और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा नहीं थी।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
इसके अलावा हनुमान जी की मूर्ति भी खंडित मिली। मंदिर की हालत देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना किला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश मंदिर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे।
बजरंग दल के सदस्यों में रोष
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी विक्की के नेतृत्व में मंदिर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने धार्मिक स्थल में चोरी और मूर्ति खंडित करने की घटना पर कड़ा विरोध जताया। विक्की ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी में आरोपित दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कैमरे दूर होने के कारण उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
Also Read :
Also Read :
Also Read :

