हरियाणा डेस्क: हरियाणा में महिलाओं के लिए शुरू की गई लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सरकार के अनुसार, 23 अक्तूबर तक करीब 5 लाख 30 हजार पात्र महिलाओं ने इस योजना के तहत पंजीकरण करवा लिया है। राज्य सरकार ने बताया है कि जो महिलाएं 25 अक्तूबर तक आवेदन या पंजीकरण करवा लेंगी। उनके खातों में 1 नवंबर को 2100 रुपये भेज दिए जाएंगे। यह राशि योजना की पहली किस्त होगी।
ये भी पढ़ें: एक बार फिर दिल्ली-NCR की हवा बनी जहर, इन इलाकों में 400 के पार पहुंचा AQI
अधिकारियों ने की योजना की समीक्षा
शुक्रवार को मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं तक जल्द से जल्द पहुंचें और घर-घर जाकर पंजीकरण करवाएं।
उपायुक्तों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम सचिव और पटवारी की मदद से पंजीकरण कार्य को तेज किया जाए। इसके अलावा सरकार ने निर्णय लिया है कि शनिवार और रविवार को भी अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी पात्र महिला को पंजीकरण में दिक्कत न हो।
मोबाइल ऐप से करना होगा आवेदन
हरियाणा सरकार ने बताया कि राज्य में करीब 20 लाख महिलाएं इस योजना की पात्र हैं। आवेदन के लिए महिलाओं को ‘Lado Lakshmi Yojana’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप डाउनलोड करने के बाद महिलाएं ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकती हैं।
ये भी पढ़ें: लाठी-डंडों से पीट-पीटकर फैक्ट्री मजदूर की हत्या, परिजनों में मचा कोहराम
पहली किस्त के बाद बढ़ेगा रजिस्ट्रेशन
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ महिलाएं अभी आवेदन करने से हिचक रही हैं क्योंकि फॉर्म में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। लेकिन उम्मीद है कि जैसे ही पहली किस्त महिलाओं के खाते में पहुंच जाएगी, पंजीकरण की संख्या तेजी से बढ़ेगी। सरकार की ओर से पंजीकरण बढ़ाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है ताकि हर पात्र महिला इस योजना का लाभ ले सके।