
रविवार देर शाम गांव म्यौली के पास एक तंग मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गांव मूंदड़ी निवासी 32 वर्षीय महिला पूनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल समेत विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसे में पूनम का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अलावा बाला देवी नामक महिला की हालत भी नाजुक बताई जा रही है, जिसे करनाल भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला नागरिक अस्पताल के अलावा जनता अस्पताल, मित्तल अस्पताल सहित निजी स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को गांव चूहड़ माजरा स्थित आश्रम में गुरु स्वामी ब्रह्मानंद समारोह का आयोजन होना है। इसी आयोजन को लेकर रविवार को गांव मूंदड़ी से श्रद्धालुओं की एक पैदल यात्रा निकाली गई थी। यात्रा के बाद संगत ने आश्रम पहुंचकर सेवा कार्य किया और देर शाम सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
बताया गया है कि दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में 50 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। जैसे ही ट्रॉली चूहड़ माजरा से म्यौली की ओर नैना सड़क मार्ग पर आगे बढ़ी, एक संकरे मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पूर्व विधायक लीला राम अस्पताल पहुंचे और घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि तंग मोड़ और ट्रॉली में क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण यह हादसा हुआ, जिस पर प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...