Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रांसपोर्ट संगठनों ने हरियाणा में छह टोल बंद होने पर CM Manohar Lal का जताया आभार

November 6, 2023

ट्रांसपोर्ट संगठनों ने हरियाणा में छह टोल बंद होने पर CM Manohar Lal का जताया आभार

चंडीगढ़ : यूनाइटेड फ्रंट फॉर ट्रक ट्रांसपोर्ट एंड सारथी एसोसिएशन ने हरियाणा में विभिन्न राजमार्गों पर छह टोल प्लाजा बंद करने की मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की हाल की घोषणा के लिये उनका आभार व्यक्त किया है। यूनाइटेड फ्रंट फॉर ट्रक ट्रांसपोर्ट एंड सारथी एसोसिएशन देशभर के 22 राज्यों के 104 से अधिक संगठनों का प्रतिनिधित्व करती है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में एसोसिएशन ने हरियाणा में पारदर्शी और कुशल शासन के प्रति खट्टर की प्रतिबद्धता की सराहना की है। एक ही राजमार्ग पर कई टोल प्लाजा होने से देश भर में ट्रक, ट्रेलर और भारी वाणिज्यिक वाहनों से परिवहन मालिकों पर वित्तीय बोझ पड़ता है, जिसे हटाने को लेकर एसोसिएशन की मांग अर्से से लम्बित थी।

ये छह टोल प्लाजा हटाने को लेकर न केवल राज्यवासियों बल्कि ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करने वाले सभी लोगों ने भी सरकार के फैसले की सराहना की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार बंद होने वाले छह टोल प्लाजा में राजस्थान सीमा के पास नारनौल-निजामपुर रोड पर गांव बिशरपुर, पंजाब सीमा के पास कैथल-पटियाला रोड पर तातियाना गांव और सुबाना-कोसली-नाहर-कनीना रोड पर गुज्जरवास गांव स्थित टोल प्लाजा शामिल हैं। इसी प्रकार, पंजाब सीमा के पास कैथल-खन्नौरी रोड पर संगतपुरा गांव में टोल प्लाजा भी 10 नवम्बर, 2023 से बंद हो जाएगा, जबकि हिमाचल प्रदेश सीमा के पास कालाअंब-साढौरा-शाहबाद रोड पर अशगरपुर गांव में और दिल्ली सीमा के पास रोहतक-खरखौदा-दिल्ली रोड पर फिरोजपुर गांव में टोलप्लाजा एक दिसम्बर, 2023 से बंद हो जाएंगे।

एसोसिएशन का मानना है कि टोल हटाने की दिशा में यह कदम क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ाने और निर्बाध परिवहन की सुविधा प्रदान करने की दिशा में मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और सक्रिय दृष्टिकोण को दर्शाता है। इसका लॉजिस्टिक्स उद्योग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और हरियाणा की समग्र आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार खेड़की दौला टोल प्लाजा को दिल्ली, जयपुर हाईवे पर शिफ्ट करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में इस उद्देश्य के लिए एनएचएआई को 30 एकड़ जमीन मुफ्त देने की पेशकश की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें