Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, त्रिशूल गैंग के सदस्य को लगी गोली

October 25, 2026

करनाल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, त्रिशूल गैंग के सदस्य को लगी गोली

Trishul Gang Member Shot in Karnal Encounter : करनाल। तरावड़ी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नाकाबंदी के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस टीम पर दो बार फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान अनिल उर्फ सोपू उर्फ तोतला के रूप में हुई है, जिसे पुलिस त्रिशूल गैंग का सक्रिय सदस्य बता रही है।

पुलिस के अनुसार, युवक ने पुलिस टीम पर दो बार फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी की टांग में गोली लग गई। घायल की पहचान गांव अरजेहड़ी निवासी अनिल उर्फ सोपू उर्फ तोतला के रूप में हुई है। पुलिस उसे त्रिशूल गैंग का सक्रिय सदस्य बता रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात एएसआई संजय कुमार अपनी टीम के साथ काछवा रोड पर नहर पुल के पास गश्त और जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव अरजेहड़ी निवासी अनिल मोटरसाइकिल पर भैणी खुर्द से रुकनपुर होते हुए करनाल की तरफ आने वाला है। पुलिस को उसके पास अवैध हथियार होने की आशंका भी जताई गई। मुखबिर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चार से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भैणी खुर्द से रुकनपुर जाने वाले रास्ते पर रजबाहे की पुलिया के पास पहुंची और सरकारी वाहन लगाकर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार तेज रफ्तार से आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका।

पुलिस का कहना है कि नाकाबंदी देखकर मोटरसाइकिल सवार ने वापस मुड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई और वह नीचे गिर गया। एएसआई संजय कुमार ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि युवक ने जेब से पिस्तौल निकालकर पुलिसकर्मियों को धमकी दी और गोली चला दी। पुलिस के अनुसार, गोली एएसआई के कान के पास से निकल गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सरकारी गाड़ी की आड़ लेकर अपनी सुरक्षा की।

सीआईए-2 के इंचार्ज प्रवीण कुमार के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को दोबारा चेतावनी देकर हथियार डालने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इसके बावजूद उसने दूसरी बार फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, गोली रजबाहे की पुलिया पर लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, एएसआई संजय कुमार ने चेतावनी के लिए हवाई फायर किया, जबकि एएसआई राजेंद्र सिंह ने आरोपी को काबू करने के लिए उसकी टांगों की तरफ निशाना लगाकर गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

अनिल उर्फ सोपू के रूप में हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, घायल युवक ने पूछताछ में अपना नाम अनिल उर्फ सोपू उर्फ तोतला पुत्र शिव कुमार उर्फ खन्ना निवासी गांव अरजेहड़ी, थाना बुटाना, जिला करनाल बताया। उसके पैर में गोली लगने के कारण उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहा था, उसके पास हथियार कहां से आया और वह किन आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें